IMD Weather Update: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 24 सितंबर तक मानसून उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों से अलविदा कह चुका है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मानसून का असर खत्म हो गया है। इसके चलते इन राज्यों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी और उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
दूसरी ओर, दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल और कोंकण तट पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
(6).jpg)
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई के बाद तापमान में बढ़ोतरी और उमस भरी गर्मी देखने को मिल रही है। हालांकि, IMD का अनुमान है कि 29 सितंबर के बाद मौसम करवट ले सकता है और हल्की बारिश की संभावना है।
यूपी-बिहार का हाल
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिन तक बारिश नहीं होगी। यहां 1 अक्टूबर के बाद कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
बिहार में भी फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। लेकिन अगले 5 दिनों में कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
पहाड़ी राज्यों में बदलाव
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मानसून की विदाई हो चुकी है। अब यहां 1 अक्टूबर तक साफ मौसम रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पूर्वी तट पर चक्रवात का खतरा
(12).jpg)
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अगले 48 घंटे में दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।
महाराष्ट्र में तेज बारिश
मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी, पुणे घाट, सतारा घाट, मराठवाड़ा, नांदेड़ और लातूर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। IMD के अनुसार, राज्य में 5 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिसके बाद धीरे-धीरे मानसून की विदाई होगी।